News portals-सबकी खबर (पांवटा साहिब ) ‘द स्कॉलर्स होम’ स्कूल में ‘किशोर सभा 2026’ का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय प्रक्रियाओं तथा उत्तरदायी नागरिकता के प्रति जागरूक बनाना था।\ विद्यार्थियों ने विभिन्न भूमिकाओं का प्रभावशाली निर्वहन करते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच एवं वक्तृत्व कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्विज गोयल (आईएएस), पांवटा साहिब एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन तथा स्मृति-चिह्न भेंट के साथ हुआ।

इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंध निदेशक डाॅ. नरेंद्र पाल सिंह नारंग ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके बाद माननीय अध्यक्ष (स्पीकर) के आगमन के साथ किशोर सभा की कार्यवाही प्रारंभ हुई।
किशोर सभा में माननीय प्रधानमंत्री ने सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। इसके उपरांत आयोजित प्रश्नकाल में विपक्ष ने शिक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार, आत्मनिर्भर भारत तथा अन्य समसामयिक विषयों पर सरकार से प्रभावशाली प्रश्न पूछे, जिनका संबंधित मंत्रियों ने तथ्यों एवं तर्कों के साथ उत्तर दिया।

इसके पश्चात शून्यकाल, मंत्रियों के वक्तव्य एवं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा की गई। पूरी कार्यवाही के दौरान विद्यार्थियों ने संसदीय मर्यादा, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा विषयों की गहन समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

विद्यालय के सीनियर प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा ने मुख्य अतिथि का परिचय एवं उनकी उल्लेखनीय प्रशासनिक उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में  द्विज गोयल (आईएएस) ने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट तैयारी, आत्मविश्वास, शोध-आधारित प्रस्तुतियों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी समझ की सराहना करते हुए उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और सेवा-भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात विद्यालय की मीडिया टीम द्वारा मुख्य अतिथि, निदेशक महोदया एवं प्रधानाचार्य के साथ विशेष संवाद भी आयोजित किया गया। समापन अवसर पर विद्यालय की निदेशक श्रीमती गुरमीत कौर नारंग ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जागरूक, संवेदनशील एवं उत्तरदायी नागरिक बनने का संदेश दिया। अंत में उप-प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

‘किशोर सभा 2026’ विद्यार्थियों के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति तथा राष्ट्रीय उत्तरदायित्व को समझने का एक प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध हुई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *