News portals-सबकी खबर (मंडी ) मंडी जिला स्थित बल्ह क्षेत्र से एक रिटायर फौजी ने गुस्से और नशे की हालत में अपने ही पोते पर गोली चलाने घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई | घटना रविवार रात करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। बल्ह के लोहारा गांव में रहने वाले रिटायर फौजी बहादुर सिंह ने अपने 23 वर्षीय पोते उमेश पर लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को पहले नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। बाद में उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रिटायर फौजी उस समय शराब के नशे में था। बताया जा रहा है कि वह परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर बहस कर रहा था, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने अपनी बंदूक से गोली चला दी। गोली युवक के हाथ और पीठ के निचले हिस्से में लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्यों का गुस्सा भी फूट पड़ा और उन्होंने रिटायर फौजी की पिटाई कर दी। इस दौरान उसे भी चोटें आई हैं और उसे भी उपचार के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी की पहले भी परिवार के साथ कहासुनी होती रहती थी और अक्सर विवाद की स्थिति बनती थी।

उधर ,घटना की सूचना रात करीब 8 बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *