Breaking News :

मौसम विभाग का पूर्वानुमान,18 से करवट लेगा अंबर

April 9, 2025

हिमाचल के नए मुख्य सचिव होंगे अनिल कुमार खाची |

News portals-सबकी खबर (शिमला)

जयराम सरकार मंगलवार को हिमाचल के नए मुख्य सचिव की नियुक्ति करेगी। इसके लिए वर्ष 1986 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल कुमार खाची का नाम फाइनल कर लिया गया है। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल खाची वरिष्ठता के आधार पर मौजूदा अफसरशाही में टॉप पर हैं। इसके अलावा ईमानदार छवि और हिमाचली अधिकारी का तमगा उन्हें इस रेस में सबसे आगे खड़ा कर रहा है।

इसके चलते एमए इकॉनोमिक्स अनिल खाची के मुख्य सचिव पद पर ताजपोशी लगभग तय है। अहम है कि शिमला जिला के ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े अनिल खाची 30 जून, 2023 को सेवानिवृत्त होंगे। इसके चलते उनके पास साढ़े तीन वर्ष का सेवाकाल शेष है। बता दें कि 22 जून, 1963 को पैदा हुए अनिल खाची के पास 34 साल की सरकारी सेवा का बेदाग कार्यकाल है। हालांकि उनकी छवि एक सख्त अधिकारी के रूप में रही है। इस कारण उनका व्यक्तित्व कई सियासी आकाओं को रास नहीं आता है। बावजूद इसके अनिल खाची बिना किसी निजी एजेंडे के सरकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हैं। यही वजह है कि देश की अफसरशाही में उनकी अलग पहचान है। बहरहाल दिल्ली प्रवास पर चल रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मंगलवार सुबह लौटने की संभावना है। उनके शिमला पहुंचने पर ही मुख्य सचिव की नियुक्ति और दूसरे प्रशासनिक फेरबदल पर कार्रवाई संभव है।

लंबे समय से प्रशासनिक सचिवों के विभागों में लटका फेरबदल भी 31 दिसंबर को सिरे चढ़ेगा। सूचना के अनुसार नए मुख्य सचिव की नियुक्ति के साथ प्रशासनिक सचिवों के विभागों में बदलाव होगा। अनिल खाची के मुख्य सचिव बनने पर वित्त, योजना एवं सांख्यिकी सरीखे महत्त्वपूर्ण विभाग दूसरे अधिकारियों को सौंपे जाएंगे। जाहिर है कि मौजूदा मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी 31 दिसंबर को रिटायर हो जाएंगे। उनके पास पर्यटन विभाग का दायित्व है। इतना तय है कि अनिल खाची के मुख्य सचिव बनने पर वह किसी भी नए विभाग का दायित्व नहीं लेना चाहेंगे। इस सूरत में पर्यटन विभाग को नया प्रशासनिक सचिव मिलेगा।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे जीके श्रीवास्तव को भी विभागों का दायित्व दिया जाएगा। इस कारण कुछ सचिवों के विभाग वापस लिए जा सकते हैं। चूंकि केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से रजनीश भी लौट रहे हैं। पुख्ता सूचना के अनुसार किसी भी जिला के डीसी-एसपी को मार्च तक नहीं हटाया जाएगा। बहरहाल इन नियुक्तियों को लेकर सभी की निगाहें मुख्यमंत्री के मंगलवार को दिल्ली से लौटने पर टिकी हैं।

 

Read Previous

परिवहन मंत्री गोविंद अचानक ढाबों में मारे छापे |

Read Next

सीएम हेल्पलाइन 1100 पर हुई शिकायत के बाद बुरी फंसी सरकारी स्कूल की अध्यापिका, टूअर के लिए बच्चों से ही लिए थे 300-300 रुपए

Most Popular

error: Content is protected !!