News portals-सबकी खबर (नाहन )
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता बलदेव तोमर ने सरकाघाट में दिनदहाड़े एक छात्रा के साथ हुई निर्मम हत्या की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर करारा तमाचा है। जिस हिमाचल प्रदेश को “देवभूमि” और सुरक्षित माना जाता था, आज वहीं बेटियां खुलेआम दरिंदगी का शिकार हो रही हैं।
बलदेव तोमर ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हर माता-पिता आज भयभीत है कि उनकी बेटियां घर से बाहर सुरक्षित लौट पाएंगी या नहीं। यह घटना साफ दर्शाती है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले आसमान छू रहे हैं।
उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सुक्खू सरकार के राज में कानून का राज नहीं, बल्कि अपराधियों का राज चल रहा है। दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार की पकड़ प्रशासन पर पूरी तरह खत्म हो चुकी है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार को ही रोकती रही—यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
तोमर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार केवल बयानबाजी और दिखावे में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। जब मुख्यमंत्री और सरकार के मंत्री प्रदेश से बाहर जाकर अपनी झूठी उपलब्धियों का ढिंढोरा पीटने में लगे हों, तब प्रदेश में अपराधियों को खुली छूट मिलना स्वाभाविक है।
उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से ऐसी कड़ी सजा दी जाए जो पूरे देश में उदाहरण बने और भविष्य में कोई भी अपराधी इस तरह की हैवानियत करने से पहले सौ बार सोचे।
बलदेव तोमर ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगी और प्रदेश की जनता की आवाज बनकर सड़कों से लेकर विधानसभा तक इस सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी। हम बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेंगे। यदि सरकार तुरंत ठोस कदम नहीं उठाती है, तो भाजपा जनआंदोलन छेड़ने से भी पीछे नहीं हटेगी।
अंत में उन्होंने दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
